फरीदाबाद की सेक्टर 42 – 43 डिवाइडिंग रोड 100 फुटा मार्ग है जोकि ग्रीन्फील्डस कॉलोनी की मॉल रोड के नाम से भी प्रख्यात है। यह मार्ग डीटीपी प्लानिंग के सरकारी नक्शे में 100 फीट चौड़ा अधिसूचित है। ग्रीनफील्डस कॉलोनी के अप्रूव्ड लेआउट प्लान में भी यह मार्ग 100 फीट का उल्लेखित है और एस वी सी लहरी बिल्डर के लेआउट प्लान में भी यह मार्ग 100 फीट प्रदर्शित है ।
लेकिन यहाँ फरीदाबाद में एक बहुत ही अद्भुत रहस्यमयी घटना घटित हुई है । मौके पर 240 मीटर तक की लंबाई में (ग्रीनफील्डस कॉलोनी के गेट संख्या 10 से 15 तक) लहरी बिल्डर के सामने इस अधिसूचित 100 फीट चौड़े मार्ग की चौड़ाई में से करीब 40 फुट का हिस्सा गायब हो गया है । अब लोगों का कहना है की बाकी की 40 फीट सड़क के ROW को धरती निगल गई या आसमान खा गया । आखिर 40 फीट सड़क का हिस्सा गया तो गया कहाँ !
रोजाना जलभराव, एक्सीडेंट, जाम आदि की समस्या को लेकर जब समाजसेवी सन्नी खण्डेलवाल जी व अन्य वरिष्ट निवासियों ने इस गड़बड़ी की शिकायत डीटीपी प्लानिंग में की तो डीटीपी प्लानिंग ने यह जवाब जारी किया कि :
“no kabja on major road”
इस आश्चर्यजनक जवाब से क्षेत्र की 2 लाख जनता के द्वारा कयास यह लगाया जा है कि कोई चमत्कारिक व अद्भुत भूगोलिक घटना घटी होगी या जरूर कोई भूकंप आया होगा और 40 फुट सड़क धरती में समा गई होगी । जिस कारण इस स्थान पर सड़क की चौड़ाई 40 फुट कम रह गई है । कुछ लोगों का मानना है कि यहाँ पर नासा के वैज्ञानोकों को बुलवा कर अनुसंधान कराने की महती जरूरत है ।
सड़क के गायब हो जाने की वीडियो :
इस गड़बड़ी को लेकर ग्रीनफील्डस के संघर्षशील निवासियों ने हमारे न्यूज पोर्टल के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री जी, विजिलेंस और सीबीआई से इस मामले की जांच करवाने की मांग की है।
डीटीपी विभाग का अधिसूचित सरकारी नक्शा जिसमे इस सेक्टर विभाजीय मार्ग को 30 मीटर ( 100 फुट ) दर्शाया है :

ग्रीनफील्डस कॉलोनी का 1994 का अप्रूव्ड ले आउट प्लान जिसमे इस सेक्टर विभाजीय मार्ग को 30 मीटर ( 100 फुट ) दर्शाया है :

M/s SVC & LAHARI बिल्डर के दोनों प्रोजेक्ट के अप्रूव्ड ले आउट प्लान जिसमे इस सेक्टर विभाजीय मार्ग को 30 मीटर (100 फुट) दर्शाया है :
वहीं हमारे न्यूज पोर्टल को मॉल रोड पर बन रहे उक्त संबंधित प्रोजेक्ट की जमीन के संबंध में 2006 की सीनियर टाउन प्लानर द्वारा डायरेक्टर टाउन एण्ड कन्ट्री प्लानिंग को भेजी गई एक रिपोर्ट मिली है जिसमें ये साफ लिखा है की उक्त जमीन का 0.517 एकड़ भाग सेक्टर डिवाइडिंग रोड में आ रहा है :

क्या कहता है नियम :
हरियाणा शहरी क्षेत्र विकास एवं विनियमन अधिनियम, 1975 के अनुसार अगर किसी बिल्डर के प्रोजेक्ट की जमीन का कुछ भाग सेक्टर डिवाइडिंग रोड पर आ रहा है तो लाइसेंस लेने से पहले उस बिल्डर को जमीन का वो भाग सड़क के लिए छोड़ना पड़ेगा और वो भाग सरकार को फ्री ऑफ कोस्ट ट्रांसफर करना पड़ेगा तभी उस प्रोजेक्ट को डीटीपी विभाग द्वारा पर्मिशन दी जाएगी ।
नहीं हुआ इस नियम का पालन :
उक्त बिल्डर के लाइसेंस व लेआउट प्लान में भी यह शर्तें उल्लेखित है लेकिन इन नियम व शर्तों की पालना नहीं की गई है अपितु आवश्यक व भौतिक तथ्यों को दबाया गया व छुपाय गया है ।



इस संदर्भ में हमने ग्रीनफील्डस कॉलोनी के अधिवक्ता व समाजसेवी श्री सन्नी खण्डेलवाल जी से संपर्क किया और जानकारी मांगी । उन्होंने वार्ता के दौरान बताया कि :
“जिला नगर योजनाकार (DTP Planning ) का यह दायित्व है कि वे ग्रीनफील्ड कॉलोनी की जनता के समक्ष यह स्पष्ट करें कि क्या फरीदाबाद डेवलपमेंट प्लान 2031 संबंधित सड़क की चौड़ाई 30 मीटर (100 फीट) होने की पुष्टि करता है। साथ ही, क्या आज की स्थिति में उस 240 मीटर लंबे हिस्से में 30 मीटर ( 100 फीट ) की चौड़ाई मौजूद है, जहाँ मैसर्स SVC & lahari बिल्डर को संबंधित प्रोजेक्ट्स के विकास के लिए लाइसेंस दिया गया है? इसके अतिरिक्त, उक्त सड़क की शेष लंबाई की चौड़ाई की स्थिति क्या है ?
यदि उस 240 मीटर के हिस्से में 30 मीटर (100 फुट) की चौड़ाई उपलब्ध नहीं है, तो DTP को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि इस विशेष खंड में सड़क की चौड़ाई घटकर 62 से 68 फीट कैसे रह गई? क्या सरकारी अधिकारियों ने उक्त लाइसेंस प्राप्त प्रोजेक्ट से 0.517 एकड़ भूमि को अपने कब्जे में लेने का कोई प्रयास किया है? इसके अलावा, क्या SVC और लहरी बिल्डर ने संबंधित अधिनियम के प्रावधानों और प्रोजेक्ट के लाइसेंस में निहित शर्तों के अनुसार, इस 0.517 एकड़ भूमि को सौंपने के लिए संबंधित सार्वजनिक प्राधिकरण के समक्ष कोई अनुरोध किया है?”
वरिष्ट ग्रीनफील्डस निवासियों ने वार्ता के दौरान बताया की :
यह मामला इस समस्त क्षेत्र के विकास से जुड़ा हुआ मामला है । सरकार को इस गंभीर गड़बड़ी पर अत्यंत ही गंभीरता से संज्ञान लेना चाहिए । इस जगह पर मार्ग व row के कम रह जाने से सेक्टर 42 -43 विभाजीय मार्ग – ग्रीनफील्डस मॉल रोड कभी भी 4 लेन का नहीं बन पाएगा इससे इस क्षेत्र को बहुत बड़ा नुकसान हो जाएगा । मौजूद सभी वरिष्ट जनों ने हाथ जोड़ कर माननीय मुख्यमंत्री जी से इस मार्ग की अधिसूचित चौड़ाई को सुनिश्चित करने की मांग की है ।


